शिवपुरी में 13 दिन में दूसरी बार बैंक लूटने की कोशिश, पिस्टल लेकर घुसे नकाबपोश बदमाश; CCTV में कैद वारदात

Shivpuri Bank Robbery: 13 दिन में दूसरी बार लूट की कोशिश, पिस्टल लेकर बैंक में घुसे बदमाश
शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी में बदमाशों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि अब बैंक भी उनके निशाने पर हैं। शहर के व्यस्त एमएम चौराहा स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में महज 13 दिन के भीतर दूसरी बार लूट की कोशिश की गई। गुरुवार शाम दो नकाबपोश बदमाश पिस्टल लेकर बैंक में घुसे और कर्मचारियों को धमकाते हुए नकदी मांगी। हालांकि, बैंक का कैश लॉकर बंद होने और चाबी उपलब्ध नहीं होने के कारण वे अपने इरादे में कामयाब नहीं हो सके।
करीब पांच मिनट तक बैंक के अंदर रहने के बाद दोनों बदमाश बाहर निकले और पहले से बाइक लेकर खड़े अपने तीसरे साथी के साथ फरार हो गए। पूरी घटना बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
कर्मचारियों को पिस्टल दिखाकर मांगा कैश
घटना गुरुवार शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। उस समय बैंक में कर्मचारी दिनभर का काम समेट रहे थे। इसी दौरान दो नकाबपोश युवक अचानक बैंक के अंदर पहुंचे और पिस्टल निकालकर कर्मचारियों की ओर तान दी।
बदमाशों ने कैश काउंटर की ओर इशारा करते हुए बैंक में मौजूद नकदी देने की मांग की। कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए उन्हें बताया कि बैंक का समय समाप्त हो चुका है और नकदी लॉकर में रखी जा चुकी है। बैंक मैनेजर भी तिजोरी की चाबी लेकर जा चुके हैं।
यह जानकारी मिलने के बाद बदमाश कुछ देर तक बैंक के भीतर ही रहे। जब उन्हें नकदी मिलने की उम्मीद नहीं दिखी तो वे बाहर निकल गए।
बाहर बाइक लेकर खड़ा था तीसरा साथी
बैंक के अंदर दो बदमाश कर्मचारियों को धमका रहे थे, जबकि उनका तीसरा साथी बाहर बाइक स्टार्ट करके खड़ा था। करीब पांच मिनट बाद दोनों आरोपी बैंक से बाहर निकले और तीनों मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद बैंक कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और बैंक प्रबंधन तथा कर्मचारियों से जानकारी ली।
13 दिन पहले शटर तोड़ने की भी हुई थी कोशिश
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की इसी शाखा को इससे पहले भी निशाना बनाया जा चुका है। 16 अक्टूबर की रात तीन संदिग्ध युवकों ने बैंक का शटर सरिया और जैक की मदद से उठाने की कोशिश की थी।
अगली सुबह जब कर्मचारी बैंक पहुंचे तो शटर आधा खुला मिला था। हालांकि, अंदर लगे ताले सुरक्षित थे और बैंक से कोई सामान चोरी नहीं हुआ था। उस घटना के सीसीटीवी फुटेज में तीन युवक शटर के साथ छेड़छाड़ करते दिखाई दिए थे।
अब दूसरी बार हथियार लेकर बैंक में घुसने की घटना सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस ने दर्ज किया लूट के प्रयास का मामला
घटना की जानकारी मिलने पर एएसपी आरडी प्रजापति, एसडीओपी सचिन धुर्वे और कोतवाली थाना प्रभारी पुनीत कुमार बाजपेई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बैंक मैनेजर प्रशांत खरे और कर्मचारियों से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी ली।
बैंक मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट के प्रयास का मामला दर्ज किया है। पुलिस दोनों घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों ने शहर में रात्रि गश्त बढ़ाने की बात भी कही है।
लगातार दो बार एक ही बैंक को निशाना बनाए जाने से इलाके में चिंता का माहौल है। पुलिस के सामने अब दोनों घटनाओं में शामिल संदिग्धों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी की चुनौती है।




Leave a Reply