भोपाल में आज: राज्योत्सव की तैयारियों पर प्रेसवार्ता, कांग्रेस की पीसी और आंगनवाड़ियों में स्वच्छता अभियान

Bhopal Today: राज्योत्सव की प्रेसवार्ता, कांग्रेस की पीसी और आंगनवाड़ियों में सफाई अभियान
भोपाल। राजधानी भोपाल में शुक्रवार, 30 अक्टूबर को राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों के साथ प्रदेशव्यापी स्वच्छता अभियान भी आयोजित किया जाएगा। मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर होने वाले राज्योत्सव की तैयारियों को लेकर संस्कृति विभाग की ओर से प्रेसवार्ता रखी गई है। दूसरी ओर, राज्यसभा उपचुनाव को लेकर कांग्रेस अपना रुख स्पष्ट करने के लिए मीडिया से चर्चा करेगी। महिला एवं बाल विकास विभाग प्रदेशभर के एक लाख से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों और अन्य संस्थाओं में विशेष सफाई अभियान चलाएगा।
1 से 3 नवंबर तक होगा मध्यप्रदेश राज्योत्सव
मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में 1 से 3 नवंबर तक तीन दिवसीय राज्योत्सव आयोजित किया जाएगा। समारोह की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी देने के लिए शुक्रवार दोपहर 1 बजे प्रेसवार्ता आयोजित होगी।
इसमें संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास और धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी राज्योत्सव से जुड़ी जानकारी साझा करेंगे। आयोजन के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ कृषि प्रदर्शनी, आतिशबाजी और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
राज्यसभा उपचुनाव पर कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस
राज्यसभा उपचुनाव को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस शुक्रवार को अपनी रणनीति और प्रत्याशी उतारने के संबंध में स्थिति स्पष्ट कर सकती है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी दोपहर 12 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय स्थित राजीव गांधी सभागार में पत्रकारों से चर्चा करेंगे।
राज्यसभा उपचुनाव में उम्मीदवार के चयन को लेकर पार्टी के भीतर विचार-विमर्श जारी है। महिला उम्मीदवार के नाम पर भी विचार किए जाने की बात सामने आई है। उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 2 नवंबर निर्धारित है, जबकि मतदान 12 नवंबर को होगा।
एक लाख से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों में विशेष स्वच्छता अभियान
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से शुक्रवार को प्रदेशभर में एक लाख से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों और विभागीय संस्थाओं में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान केंद्र सरकार के विशेष अभियान 6.0 के तहत आयोजित किया जा रहा है।
इस दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों और संबंधित कार्यालयों में साफ-सफाई, रंग-रोगन, वॉल पेंटिंग और आवश्यक मरम्मत के काम किए जाएंगे। लंबे समय से अनुपयोगी पड़े स्थानों को व्यवस्थित कर उनका बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
अभियान का दायरा केवल आंगनवाड़ी केंद्रों तक सीमित नहीं रहेगा। इसके अंतर्गत बाल देखरेख संस्थाओं, वन स्टॉप सेंटर, सखी निवास और शक्ति सदन में भी सफाई और परिसर को व्यवस्थित करने की गतिविधियां संचालित होंगी।
इन संस्थाओं में पानी की टंकियों की सफाई, शौचालयों का सैनिटाइजेशन और परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण तैयार करना भी अभियान का उद्देश्य है।
जनसमस्याओं के निराकरण पर भी रहेगा जोर
विशेष स्वच्छता अभियान के साथ विभागीय योजनाओं और सेवाओं से जुड़ी शिकायतों के निराकरण पर भी ध्यान दिया जाएगा। विशेष रूप से पोषण सेवाओं और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से संबंधित लंबित शिकायतों के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी।
अभियान के दौरान किए गए कार्यों का रिकॉर्ड रखने और सफाई से पहले तथा बाद के छायाचित्र संबंधित पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस पहल के जरिए विभागीय संस्थाओं में स्वच्छता, बेहतर रखरखाव और जनसमस्याओं के समाधान को एक साथ आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।




Leave a Reply