शहडोल में नदी में मिला बांधवगढ़ के वनकर्मी का शव, घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर हुई मौत

शहडोल में बांधवगढ़ के बीट गार्ड का नदी में मिला शव
शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में एक वनकर्मी का शव नदी में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 34 वर्षीय संतोष कुमार बैगा के रूप में हुई है। वह बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के चांदसूरा क्षेत्र में बीट गार्ड के पद पर तैनात थे। उनका शव नगनौड़ी गांव में घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर नदी में मिला।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई की। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कुछ दिनों से चल रही थी तबीयत खराब
पुलिस के अनुसार, संतोष कुमार पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। बताया गया है कि उनके कार्यालय से परिजनों को फोन करके उनकी तबीयत खराब होने की जानकारी दी गई थी। इसके बाद परिवार के सदस्य बांधवगढ़ पहुंचे और उन्हें अपने साथ नगनौड़ी गांव स्थित घर ले आए थे।
परिजन उनका इलाज करा रहे थे। जानकारी के मुताबिक, संतोष की मानसिक स्थिति भी कभी-कभी ठीक नहीं रहती थी। ऐसे समय में वह अचानक घर से बाहर निकल जाते थे और काफी देर तक वापस नहीं लौटते थे।
अचानक घर से निकले, फिर नहीं लौटे
घटना वाले दिन भी संतोष अचानक घर से निकल गए। काफी देर तक उनके वापस नहीं आने पर परिवार के लोगों ने आसपास तलाश शुरू की। गांव और आसपास के इलाकों में खोजबीन के दौरान घर से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर नदी में उनका शव दिखाई दिया।
प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि नदी पार करने के दौरान संतोष पानी में गिर गए होंगे। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
सूचना मिलने पर ब्यौहारी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मामले में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच संबंधी तथ्यों के सामने आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।




Leave a Reply