इंदौर में अब घर बैठे तय कर सकेंगे प्रॉपर्टी टैक्स, 311 ऐप पर शुरू हुई स्वकर निर्धारण सुविधा

इंदौर में Indore 311 ऐप से होगा प्रॉपर्टी टैक्स का स्वकर निर्धारण, मोबाइल नंबर जरूरी
इंदौर के मकान और जमीन मालिकों को संपत्ति कर से जुड़ी प्रक्रिया में अब नगर निगम कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी। इंदौर नगर निगम ने अपने Indore 311 मोबाइल ऐप पर ऑनलाइन स्वकर निर्धारण की सुविधा शुरू की है। इसके जरिए संपत्ति मालिक खुद अपनी प्रॉपर्टी का विवरण दर्ज कर टैक्स निर्धारण की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए सक्रिय मोबाइल नंबर दर्ज करना अनिवार्य रखा गया है।
नगर निगम के राजस्व प्रभारी निरंजन सिंह चौहान के अनुसार, मध्यप्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 की धारा 138(2) के तहत प्रत्येक भवन और भूमि मालिक को स्वकर निर्धारण विवरणी जमा करना जरूरी है। अब यह प्रक्रिया मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन पूरी की जा सकेगी।
संपत्ति का वास्तविक क्षेत्रफल दर्ज करने का विकल्प
नई सुविधा उन संपत्ति मालिकों के लिए भी उपयोगी होगी, जिनकी प्रॉपर्टी का क्षेत्रफल नगर निगम के मौजूदा ई-नगर पालिका पोर्टल पर वास्तविक माप से कम दर्ज है।
ऐसे लोग ऐप के माध्यम से अपनी संपत्ति का सही क्षेत्रफल और अन्य जरूरी जानकारियां दर्ज कर स्वकर निर्धारण विवरणी जमा कर सकेंगे। इससे निगम के रिकॉर्ड में संपत्ति का वास्तविक विवरण दर्ज कराने में मदद मिलेगी।
मोबाइल नंबर देना होगा अनिवार्य
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि स्वकर निर्धारण फॉर्म भरते समय संपत्ति मालिकों को अपना वर्तमान और चालू मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। जिन लोगों का नंबर पहले से निगम के रिकॉर्ड में मौजूद है, वे जरूरत पड़ने पर उसे अपडेट भी कर सकते हैं।
मोबाइल नंबर के जरिए नगर निगम संपत्ति से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाएं, संपत्ति कर संबंधी अपडेट और उपलब्ध छूट या रियायतों की जानकारी सीधे संबंधित व्यक्ति तक पहुंचा सकेगा।
GIS सर्वे के बाद बढ़े हुए बिलों पर हुआ था विवाद
इंदौर में पहले GIS सर्वे के बाद कई संपत्ति मालिकों को बढ़े हुए संपत्ति कर के बिल मिले थे। इसको लेकर शहर के अलग-अलग इलाकों में विरोध भी सामने आया था।
भंवरकुआ क्षेत्र में मकानों की नपती करने पहुंची नगर निगम की टीम और रहवासियों के बीच विवाद की स्थिति बनी थी। मामला पुलिस तक पहुंच गया था। ऐसे में नई स्वकर निर्धारण व्यवस्था के जरिए संपत्ति मालिकों को अपने भवन का वास्तविक क्षेत्रफल और जरूरी विवरण खुद दर्ज कराने का विकल्प मिलेगा।
कानून के तहत विवरणी जमा करना जरूरी
नगर निगम ने भवन और भूमि मालिकों से अपील की है कि वे Indore 311 ऐप पर उपलब्ध सुविधा का इस्तेमाल कर स्वकर निर्धारण विवरणी जमा करें। यह केवल ऑनलाइन टैक्स भुगतान की सुविधा नहीं, बल्कि संपत्ति का विवरण स्वयं प्रस्तुत करने की प्रक्रिया भी है।
इस व्यवस्था से निगम के रिकॉर्ड में संपत्तियों का विवरण अपडेट करने और कर निर्धारण की प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।




Leave a Reply