Skip to content
Sunday, 22 November 2026
ताज़ा खबर
देवास में निर्माणाधीन पानी की टंकी के मचान में भड़की आग, आधे घंटे तक मशक्कत करती रही दमकल टीमइंदौर में अब घर बैठे तय कर सकेंगे प्रॉपर्टी टैक्स, 311 ऐप पर शुरू हुई स्वकर निर्धारण सुविधाओंकारेश्वर में आज 16 हजार दीपों से रोशन होगा ब्रह्मपुरी घाट, मां नर्मदा की महाआरती के साथ सजेगी भक्ति संध्यामध्यप्रदेश में 10.87 लाख से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स को मिला PM स्वनिधि का सहारा, 2,827 करोड़ रुपये से ज्यादा के ऋण वितरितउमरिया-शहडोल हाईवे पर रातभर थमे वाहनों के पहिए, मोर्चा फाटक पर लंबा जाम; यात्रियों को लेकर लौट रहीं बसेंसागर के सोहेल खान ने कूडो में रचा इतिहास, तीन प्रतियोगिताओं में जीते गोल्ड; लगातार 25वीं बार बने नेशनल चैंपियनदेवास में निर्माणाधीन पानी की टंकी के मचान में भड़की आग, आधे घंटे तक मशक्कत करती रही दमकल टीमइंदौर में अब घर बैठे तय कर सकेंगे प्रॉपर्टी टैक्स, 311 ऐप पर शुरू हुई स्वकर निर्धारण सुविधाओंकारेश्वर में आज 16 हजार दीपों से रोशन होगा ब्रह्मपुरी घाट, मां नर्मदा की महाआरती के साथ सजेगी भक्ति संध्यामध्यप्रदेश में 10.87 लाख से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स को मिला PM स्वनिधि का सहारा, 2,827 करोड़ रुपये से ज्यादा के ऋण वितरितउमरिया-शहडोल हाईवे पर रातभर थमे वाहनों के पहिए, मोर्चा फाटक पर लंबा जाम; यात्रियों को लेकर लौट रहीं बसेंसागर के सोहेल खान ने कूडो में रचा इतिहास, तीन प्रतियोगिताओं में जीते गोल्ड; लगातार 25वीं बार बने नेशनल चैंपियन
मौसम और AQI
जिले

इंदौर की हवा का सेहत पर असर: सांस की बीमारियों से अस्पताल पहुंचने वालों में 11% की बढ़ोतरी

· November 21, 2026 · 4 मिनट पढ़ें

इंदौर में वायु प्रदूषण से सांस के मरीज 11% बढ़े

इंदौर में बदलते मौसम के साथ वायु प्रदूषण की समस्या लोगों के स्वास्थ्य पर भारी पड़ रही है। शहर में निर्माण कार्यों से उड़ती धूल, वाहनों का धुआं और ठंड के कारण वातावरण में टिके प्रदूषक कण सांस संबंधी बीमारियों को बढ़ा रहे हैं। स्वास्थ्य बीमा के आंकड़ों के अनुसार, सितंबर और अक्टूबर 2025 में सांस की बीमारियों के कारण अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों के मामलों में 11-11 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

सबसे अधिक चिंता बच्चों और बुजुर्गों की सेहत को लेकर है। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान सांस संबंधी बीमारियों के कुल अस्पताल भर्ती मामलों में 58 प्रतिशत हिस्सेदारी 12 साल तक के बच्चों और 60 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों की रही।

बच्चों में बढ़े सांस संबंधी बीमारी के मामले

स्वास्थ्य बीमा कंपनी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर मनीष डोडेजा के मुताबिक, कंपनी के क्लेम डेटा में सांस संबंधी बीमारियों के कारण अस्पताल में भर्ती होने के मामलों में सितंबर और अक्टूबर 2025 के दौरान उल्लेखनीय बढ़ोतरी सामने आई। वित्त वर्ष 2025-26 में कुल अस्पताल भर्ती क्लेम में करीब 8.2 प्रतिशत मामले श्वसन संबंधी बीमारियों के थे। इनमें अक्टूबर में सबसे अधिक मामले दर्ज किए गए।

आंकड़ों के मुताबिक, सांस की बीमारी से जुड़े क्लेम में 0 से 12 साल के बच्चों की हिस्सेदारी पूरे वित्त वर्ष के दौरान 40 प्रतिशत थी। सितंबर और अक्टूबर में यह बढ़कर 48 प्रतिशत तक पहुंच गई। वहीं, 60 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों की हिस्सेदारी 17 प्रतिशत रही। अक्टूबर में सांस संबंधी बीमारी के कुल क्लेम में बच्चों और बुजुर्गों की संयुक्त हिस्सेदारी 63 प्रतिशत दर्ज की गई।

निर्माण कार्य और मौसमी बदलाव से बढ़ रही परेशानी

शहर में कई स्थानों पर सड़क निर्माण, खुदाई और अधूरे पड़े प्रोजेक्ट के कारण धूल उड़ रही है। इसके साथ ही टूटी सड़कों और वाहनों से निकलने वाला धुआं हवा में प्रदूषण के स्तर को बढ़ा रहा है।

पर्यावरणविद् ओपी जोशी के अनुसार, अक्टूबर के बाद तापमान में गिरावट, नमी और हवा की गति में बदलाव के कारण धूल के कण वातावरण में अधिक समय तक बने रह सकते हैं। कोहरे और ठंड का असर भी सांस संबंधी समस्याओं को बढ़ा सकता है। ऐसे हालात में निर्माण स्थलों से निकलने वाली धूल लोगों की परेशानी और बढ़ा देती है।

पीएम 2.5 और पीएम 10 से सतर्क रहने की जरूरत

श्वसन रोग विशेषज्ञ डॉ. दिलीप बंग ने बताया कि हवा में पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे सूक्ष्म प्रदूषक कणों का स्तर बढ़ने पर लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से अस्थमा या फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने की जरूरत है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, गर्भवती महिलाओं और खुले वातावरण में धूल-मिट्टी के बीच काम करने वाले श्रमिकों को भी प्रदूषण के संपर्क में आने से बचने का प्रयास करना चाहिए।

प्रदूषण से बचने के लिए क्या करें?

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को अपने इलाके का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) नियमित रूप से देखने की सलाह दी है। प्रदूषण का स्तर अधिक होने पर सुबह जल्दी और देर शाम खुले में व्यायाम या सैर करने से बचना चाहिए। बाहर निकलना जरूरी हो तो अच्छी फिटिंग वाला N95 मास्क उपयोगी हो सकता है।

बच्चों और बुजुर्गों को धूल-धुएं वाले इलाकों में लंबे समय तक रहने से बचाएं। अस्थमा और सीओपीडी के मरीज डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवाएं लेते रहें और जरूरत पड़ने पर इन्हेलर साथ रखें। घर के भीतर कूड़ा, सूखी पत्तियां या मच्छर भगाने वाली कॉइल जलाने से भी बचना चाहिए।

लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी, सीने में जकड़न या घरघराहट जैसे लक्षण दिखाई दें तो चिकित्सकीय सलाह लेने में देरी नहीं करनी चाहिए। इंदौर में प्रदूषण से जुड़ी स्वास्थ्य चुनौतियों को देखते हुए निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण और वायु गुणवत्ता सुधारने के प्रयास भी जरूरी हैं।

MP Mirrorमध्य प्रदेश की हर खबर, सबसे पहले

ये भी पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *