दमोह में अवैध मिट्टी से भरा ट्रैक्टर रोकने पर वनकर्मी पर हमला, दोनों पैरों पर चढ़ाया वाहन

दमोह में वनकर्मी पर ट्रैक्टर चढ़ाया, अवैध मिट्टी परिवहन रोकने पर हमला
दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह जिले में अवैध रूप से मिट्टी का परिवहन रोकने पहुंचे वन विभाग के एक बीट गार्ड पर ट्रैक्टर चढ़ाने का मामला सामने आया है। घटना में वनकर्मी के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें जिला अस्पताल के ट्रामा वार्ड में भर्ती कराया गया है। वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में लिया गया है।
घटना दमोह वन परिक्षेत्र के बांसा वन वृत्त अंतर्गत बांसनी गांव की है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात वन विभाग की टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि जंगल क्षेत्र से ईंट भट्ठे में इस्तेमाल के लिए बलुआ मिट्टी का अवैध परिवहन किया जा रहा है।
सूचना मिलने पर बीट गार्ड हर्ष राजपूत मौके पर पहुंचे और मिट्टी से भरे ट्रैक्टर को रोक लिया। उन्होंने चालक दीपक अहिरवार से परिवहन से संबंधित दस्तावेज और अनुमति दिखाने को कहा। आरोप है कि इसी दौरान चालक ने ट्रैक्टर आगे बढ़ा दिया और वनकर्मी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगने से हर्ष राजपूत जमीन पर गिर पड़े और उनके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं।
ट्रामा वार्ड में वनकर्मी का इलाज
घटना के बाद घायल बीट गार्ड को रात करीब 10 बजे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ट्रामा वार्ड में भर्ती किया। उपचार से जुड़े डॉक्टर के अनुसार, वनकर्मी के दोनों पैरों में गंभीर चोटें हैं। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है।
डीएफओ ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी
मामले की जानकारी मिलने पर डीएफओ ईश्वर जरांडे जिला अस्पताल पहुंचे और घायल कर्मचारी के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार के संबंध में चर्चा भी की। वन विभाग की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए मिट्टी से भरा ट्रैक्टर जब्त किया और चालक दीपक अहिरवार को हिरासत में लिया।
अवैध परिवहन की जांच जारी
वन विभाग ने घटना के संबंध में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अब मामले में यह जांच की जा रही है कि मिट्टी कहां से निकाली जा रही थी और उसके परिवहन की अनुमति थी या नहीं। घटना ने वन क्षेत्रों में अवैध मिट्टी और खनिज परिवहन पर निगरानी के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा का मुद्दा भी सामने ला दिया है।




Leave a Reply