शहडोल में होटल कारोबारी के पुराने घर में बड़ी चोरी, दीवार तोड़कर पांच लाख के जेवर और नकदी ले गए चोर

शहडोल में दीवार तोड़कर पांच लाख की चोरी, होटल कारोबारी का घर बना निशाना
शहडोल। जिले के बुढ़ार थाना क्षेत्र के चनौड़ी गांव में चोरों ने एक होटल कारोबारी के पुराने मकान को निशाना बनाकर करीब पांच लाख रुपये की चोरी कर ली। अज्ञात चोर घर की दीवार तोड़कर अंदर घुसे और सोने-चांदी के आभूषणों के साथ 60 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य नए मकान में रह रहे थे और पुराना घर बंद था।
बच्चों की शादी के लिए रखे थे जेवर और नकदी
पीड़िता ऊषा ढिमर, पत्नी चिंतामणि ने बताया कि परिवार ने बच्चों की शादी के लिए पुराने मकान में सोने-चांदी के आभूषण और नकदी रखी हुई थी। घर में करीब दो तोला सोने के गहने, लगभग डेढ़ किलो चांदी और 60 हजार रुपये नकद मौजूद थे।
परिवार नए मकान में रहने लगा था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने बंद पड़े पुराने घर को निशाना बनाया। आरोपियों ने मकान की दीवार में बड़ा छेद किया और उसी रास्ते घर के भीतर दाखिल हुए।
रिश्तेदार ने देखा दीवार में बड़ा छेद
चोरी का पता उस समय चला, जब परिवार का एक रिश्तेदार पुराने मकान के पीछे से गुजर रहा था। उसकी नजर दीवार में बने बड़े छेद पर पड़ी। संदेह होने पर उसने तुरंत परिजनों को सूचना दी।
परिवार के लोग जब घर पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा हुआ मिला। जांच करने पर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब मिले। इसके बाद बुढ़ार पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
पुलिस की टीमें जांच में जुटीं
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बुढ़ार थाना प्रभारी खेम सिंह पेड्रो के मुताबिक, चोरी की वारदात का पता लगाने के लिए पुलिस की विशेष टीमें काम कर रही हैं। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने की बात कही है। फिलहाल चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।




Leave a Reply