Khargone News: खरगोन में 4.5 तीव्रता का भूकंप, सुबह कांपी धरती; घरों से बाहर निकले लोग

Khargone News: खरगोन में 4.5 तीव्रता का भूकंप, घरों से बाहर निकले लोग
खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में शनिवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। अचानक धरती में कंपन होने से लोगों में घबराहट फैल गई। कई इलाकों में लोग घरों से बाहर निकल आए। भूकंप की तीव्रता 4.5 मापी गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, जिले में किसी तरह की जनहानि या संपत्ति को नुकसान होने की सूचना नहीं है।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक, भूकंप सुबह 9 बजकर 15 मिनट 28 सेकंड पर आया। इसकी गहराई जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई।
सुबह करीब 9:15 बजे महसूस हुए झटके
शनिवार सुबह अचानक धरती में कंपन होने लगा। कई लोगों ने घरों की खिड़कियों, दरवाजों और सामान को हिलते हुए महसूस किया। झटके महसूस होते ही लोग सावधानी बरतते हुए घरों से बाहर निकल आए।
भूकंप का केंद्र खरगोन जिले में 21.590 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 75.552 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.5 बताई गई है।
एसपी के बंगले की खिड़कियां और अलमारी भी हिलीं
खरगोन के पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने बताया कि वह अपने शासकीय बंगले में मौजूद थे, तभी अचानक कंपन महसूस हुआ। झटके इतने स्पष्ट थे कि बंगले की खिड़कियां और अलमारी हिलने लगीं। उनके अनुसार, कंपन करीब दो से तीन सेकंड तक महसूस हुआ। इस दौरान परिवार के सदस्य भी घबरा गए।
शहर से ग्रामीण इलाकों तक महसूस हुआ कंपन
खरगोन शहर के अमन नगर, करीम नगर और गुलशन नगर सहित कई इलाकों में लोगों ने झटके महसूस किए। इसके अलावा भीकनगांव, जैतापुर और भगवानपुरा क्षेत्र से भी कंपन की जानकारी सामने आई।
अवनी गांव के किसान महेंद्र पाटीदार और नीमगुल गांव के किसान सुरेश पटेल ने भी घरों में कंपन महसूस होने की बात बताई। ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ लोगों को छतों में कंपन और चक्कर जैसा अनुभव हुआ।
स्कूल में बच्चों को एहतियातन बाहर निकाला
भूकंप के झटके महसूस होने के बाद अविसन्स स्कूल में एहतियात बरती गई। स्कूल प्रबंधन ने बच्चों को कक्षाओं से बाहर निकालकर खुले मैदान में खड़ा किया, ताकि किसी संभावित खतरे से बचा जा सके।
प्रशासन ने अधिकारियों को किया अलर्ट
कलेक्टर गुरु प्रसाद ने बताया कि जिले के अलग-अलग स्थानों से भूकंप के झटके महसूस होने की जानकारी मिल रही है। संबंधित अधिकारियों को अलर्ट कर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल जिले में किसी जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।




Leave a Reply