Indore News: होटल की चौथी मंजिल से गिरकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत, 70 हजार रुपये से अधिक किराया था बकाया

Indore News: होटल की चौथी मंजिल से गिरकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत
इंदौर। शहर के निपानिया इलाके में स्थित एक होटल में ठहरे 46 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर की चौथी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना बुधवार देर रात करीब 2 बजे की है। होटल के पीछे खाली पड़े प्लॉट में गंभीर हालत में मिले व्यक्ति को कर्मचारी तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान लक्ष्मी नगर निवासी राजकुमार यादव के रूप में हुई है।
राजकुमार पिछले करीब डेढ़ महीने से अपनी पत्नी और आठ साल की बेटी के साथ त्रिवेणा होटल में रह रहे थे। घटना की सूचना मिलने के बाद लसूड़िया थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस होटल कर्मचारियों, परिजनों और घटना से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है।
होटल में 70 हजार रुपये से ज्यादा किराया हुआ था बकाया
पुलिस को दिए बयान में राजकुमार की पत्नी सरवरी बेगम ने बताया कि होटल में रहने के दौरान किराये की बकाया राशि 70 हजार रुपये से अधिक हो गई थी। होटल संचालक ने उनसे कहा था कि वह बेटी को लेकर होटल से चली जाएं, ताकि राजकुमार वहां रुककर काम कर सकें और धीरे-धीरे बकाया किराया चुका सकें।
इसके बाद बुधवार शाम सरवरी अपनी बेटी के साथ होटल से निकल गई थीं। उन्होंने कोलकाता पहुंचने के बाद राजकुमार को पैसे भेजने की बात कही थी। हालांकि, उसी रात होटल में हुई घटना के बाद परिवार को उनकी मौत की सूचना मिली।
प्लॉट की बिक्री से मिलने वाली रकम का था इंतजार
पुलिस पूछताछ में पत्नी ने बताया कि राजकुमार को एक प्लॉट के सौदे के बदले यश श्रीवास्तव नाम के व्यक्ति से रकम मिलनी थी। उन्हें बृहस्पतिवार को भुगतान मिलने की उम्मीद थी।
परिजनों के मुताबिक, राजकुमार की योजना थी कि रकम मिलते ही पहले होटल का बकाया किराया चुकाया जाए और इसके बाद बची हुई राशि से अपना व्यवसाय शुरू किया जाए। बताया गया है कि राजकुमार ने पहले नौकरी छोड़ दी थी और खुद का काम शुरू करने की तैयारी कर रहे थे।
प्लॉट के सौदे और भुगतान से जुड़ी जानकारी भी अब पुलिस की जांच का हिस्सा है। हालांकि, भुगतान में देरी और घटना के बीच किसी सीधे संबंध की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
डेढ़ महीने से होटल में रह रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, दिसंबर 2025 से राजकुमार और सरवरी अलग-अलग किराए के मकानों और होटलों में रह रहे थे। पिछले करीब डेढ़ महीने से वे निपानिया स्थित त्रिवेणा होटल में ठहरे हुए थे।
राजकुमार के परिवार में उनके माता-पिता और एक भाई भी हैं। पुलिस परिवार के सदस्यों से घटना से पहले की परिस्थितियों और उनकी आर्थिक स्थिति के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
लसूड़िया पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद लसूड़िया पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। होटल के कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों को खंगाला जा रहा है। प्लॉट की बिक्री, भुगतान की स्थिति और होटल के बकाया किराये से संबंधित जानकारी भी जुटाई जा रही है।
फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही घटना की परिस्थितियों और इसके पीछे की वजहों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




Leave a Reply