आलीराजपुर: CM मोहन यादव के दौरे से पहले जोबट में सुरक्षा सख्त, 3 KM का क्षेत्र नो फ्लाइंग जोन घोषित; किसानों को मिलेगी सिंचाई की सौगात

CM मोहन यादव का जोबट दौरा, 3 KM नो फ्लाइंग जोन; किसानों को मिलेगी सिंचाई की सौगात
आलीराजपुर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आलीराजपुर जिले के जोबट दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल के तीन किलोमीटर के दायरे को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। वहीं, इस दौरे के दौरान धार और आलीराजपुर जिले के किसानों को करोड़ों रुपये की सिंचाई परियोजना की सौगात मिलने जा रही है।
सुबह 7 बजे से ड्रोन और अन्य उड़ने वाली वस्तुओं पर प्रतिबंध
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत कार्यक्रम स्थल के तीन किलोमीटर के दायरे में ड्रोन, यूएवी, पैराग्लाइडिंग और हॉट एयर बैलून सहित अन्य उड़ने वाली वस्तुओं के संचालन पर प्रतिबंध लगाया है।
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी की ओर से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी किया गया है। यह प्रतिबंध रविवार सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दोपहर 1:30 बजे रणबयड़ा पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर करीब 1:30 बजे हेलीकॉप्टर से ग्राम रणबयड़ा में बनाए गए हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से वे कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होंगे और जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस विभाग ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया है। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं की विशेष निगरानी की जा रही है।
1353 करोड़ की डही सिंचाई परियोजना से 126 गांवों को फायदा
इस दौरे के दौरान धार जिले के डही में आयोजित मुख्य राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करेंगे। करीब 1,353.18 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना के माध्यम से नर्मदा नदी का पानी आधुनिक भूमिगत पाइपलाइन नेटवर्क के जरिए किसानों के खेतों तक पहुंचाया जाएगा।
परियोजना से धार जिले के 84 और आलीराजपुर जिले के 42 गांवों को लाभ मिलने का लक्ष्य है। इसके तहत लगभग 47 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी और करीब 1 लाख 26 हजार किसान लाभान्वित होंगे।
रबी फसलों की खेती को मिलेगा बढ़ावा
परियोजना के माध्यम से 166.51 मिलियन घनमीटर नर्मदा जल का उद्वहन किया जाएगा। इससे किसानों को सिंचाई के लिए बारिश पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।
खेतों तक पानी पहुंचने से गेहूं, चना और सब्जियों सहित विभिन्न फसलों की खेती को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही किसान फसल विविधीकरण अपनाकर कृषि उत्पादन और आय बढ़ाने की दिशा में भी आगे बढ़ सकेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी वर्चुअली करेंगे संबोधित
जनजातीय गौरव दिवस के मुख्य कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़कर प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे।
इस आयोजन में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए उनके योगदान को याद किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से जनजातीय अंचलों में विकास कार्यों और किसानों को मिलने वाली सुविधाओं को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।
फिलहाल मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर आलीराजपुर और धार में प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सिंचाई परियोजना के लोकार्पण को लेकर भी क्षेत्र के किसानों में उत्सुकता है।


Leave a Reply