आलीराजपुर में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, हादसा दिखाने के लिए शव पर चढ़ाया ट्रैक्टर; पांच गिरफ्तार

आलीराजपुर हत्याकांड: पत्नी ने प्रेमी संग की पति की हत्या, पांच गिरफ्तार
आलीराजपुर। जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मोरधी में एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत का मामला सनसनीखेज हत्याकांड में बदल गया। शुरुआत में इसे सड़क दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में गला घोंटकर हत्या किए जाने का खुलासा हुआ। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। वारदात को सड़क हादसा दिखाने के लिए आरोपियों ने शव और स्कूटी पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। पुलिस ने पत्नी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज
पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को ग्राम मोरधी में दिलीप पिता अबेसिंह वास्कले की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शुरुआती जांच में मामला सड़क दुर्घटना का लग रहा था, जिसके आधार पर चांदपुर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया।
हालांकि, घटनास्थल की परिस्थितियों को देखकर पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद जिला अस्पताल में पांच डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया गया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह गला घोंटना सामने आई। इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू की।
चार-पांच साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी सेंगली के गांव के ही रमेश पिता मोती के साथ पिछले चार-पांच वर्षों से प्रेम संबंध थे। पुलिस के मुताबिक, इस बात की जानकारी दिलीप को हो गई थी। इसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती थी।
पुलिस का दावा है कि इसी विवाद के चलते सेंगली और रमेश ने दिलीप को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। घटना वाले दिन सेंगली ने रमेश को फोन कर बताया कि उसका पति अत्यधिक शराब के नशे में है।
खेत में ले जाकर रस्सी से घोंटा गला
पुलिस के मुताबिक, सूचना मिलने पर रमेश अपने साथी महेश और सिलदार के साथ पहुंचा। आरोप है कि तीनों दिलीप को घर के पीछे स्थित तुअर के खेत में ले गए। वहां पीले रंग की रस्सी से उसका गला घोंट दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने वारदात को सड़क हादसे का रूप देने की योजना बनाई। शव को दिलीप की स्कूटी पर रखकर चांदपुर-साकड़ी रोड के पास ले जाया गया।
शव और स्कूटी पर चढ़ाया ट्रैक्टर
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर दशरिया और नानसिंह भी पहुंचे। आरोप है कि दशरिया ने ट्रैक्टर से शव और स्कूटी को दो बार आगे-पीछे करते हुए कुचल दिया, ताकि पुलिस को मामला दुर्घटना लगे। इसके बाद आरोपी ट्रैक्टर छिपाकर अपने घर चले गए।
घटनास्थल पर मिले मोबाइल से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक मोबाइल फोन मिला। तकनीकी जांच में यह फोन दशरिया का निकला। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद कथित साजिश और अन्य आरोपियों की भूमिका सामने आई।
पुलिस ने मृतक की पत्नी सेंगली, रमेश, महेश, दशरिया और नानसिंह उर्फ नानका को गिरफ्तार किया है। वहीं, सिलदार पिता जुरलिया फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238, 61(2) और 3(5) के तहत धाराएं बढ़ाई गई हैं। पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।




Leave a Reply