शहडोल में पुराने मकान की दीवार गिरने से 4 साल के मासूम की मौत, जेसीबी से हो रहा था मकान ध्वस्त

शहडोल में मकान की दीवार गिरने से 4 साल के बच्चे की मौत
शहडोल। जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के ग्राम भदवाही में पुराने मकान को गिराने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जेसीबी मशीन से ढहाई जा रही दीवार का मलबा पास में मौजूद चार वर्षीय बच्चे के ऊपर जा गिरा। मलबे में दबने से मासूम की मौत हो गई। घटना के समय बच्चे के पिता भी मौके पर मौजूद थे।
खेलते हुए दीवार के पास पहुंचा बच्चा
जानकारी के अनुसार, भदवाही निवासी दीपक जायसवाल अपने पुराने मकान को जेसीबी की मदद से गिरवा रहे थे। उनका चार साल का बेटा प्रिंस भी पिता के साथ वहां मौजूद था। इसी दौरान बच्चा खेलते-खेलते उस दीवार के नजदीक पहुंच गया, जिसे मशीन से तोड़ा जा रहा था।
अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और उसका मलबा सीधे बच्चे के ऊपर आ गिरा। हादसा होते ही पिता और आसपास मौजूद लोग घबरा गए। सभी ने तुरंत मलबा हटाकर बच्चे को बाहर निकाला।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही चली गई जान
परिजन आनन-फानन में प्रिंस को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है।
बताया गया कि दीपक पुराने मकान को हटाकर नया घर बनवाना चाहते थे। इसी काम के दौरान यह दुर्घटना हुई।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर गोहपारू पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम किया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
इस घटना ने मकान तोड़ने जैसे काम के दौरान आसपास मौजूद लोगों, खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा की है।




Leave a Reply