सेवा संकल्प अभियान: पीएम मोदी ने बाइक राइडर्स से किया संवाद, 35.42 लाख हितग्राहियों को 212.57 करोड़
देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले के पुंजापुरा में गुरुवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेवा संकल्प बाइक यात्रा में शामिल राइडर्स से वर्चुअल संवाद किया। इस दौरान यात्रा में शामिल युवाओं ने अपने अनुभव प्रधानमंत्री के साथ साझा किए।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहे। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 35.42 लाख हितग्राहियों के बैंक खातों में 212.57 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की।
सेवा संकल्प यात्रा में 500 सेवा यात्री
‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत वाराणसी से वड़नगर के बीच बाइक यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा 17 सितंबर को शुरू हुई थी। इसमें करीब 250 बाइकों पर 500 सेवा यात्री शामिल हैं। यात्रा के दौरान विभिन्न राज्यों के जिलों और गांवों में पहुंचकर सेवा, जनसंवाद और राष्ट्रीय एकता से जुड़े संदेश लोगों तक पहुंचाए जा रहे हैं।
यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और विभिन्न उपलब्धियों से संबंधित जानकारी प्रदर्शित करने वाले वाहन भी साथ चल रहे हैं।
राइडर दीपेश गोटी ने साझा किया यात्रा का अनुभव
पुंजापुरा कार्यक्रम के दौरान सेवा यात्री दीपेश गोटी ने प्रधानमंत्री मोदी से वर्चुअल बातचीत की। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान अलग-अलग राज्यों के युवाओं से मिलने और वहां की भाषाओं एवं स्थानीय संस्कृति को समझने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क किया जा रहा है। लाभार्थियों को नमो ऐप से जोड़ने की गतिविधियां भी की जा रही हैं।
यात्रा में ‘माय प्रॉमिस टू मोदी जी’ नाम से एक पहल भी शामिल की गई है। इसके तहत 25 अलग-अलग सेवा कार्य निर्धारित किए गए हैं और प्रत्येक सेवा यात्री को इनमें से किसी एक कार्य को करने का संकल्प दिलाया जा रहा है।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि हुई ट्रांसफर
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 35.42 लाख लाभार्थियों को 212.57 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे उनके खातों में भेजी। इससे प्रदेश के बड़ी संख्या में पेंशन हितग्राहियों को सितंबर माह की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और किसानों, महिलाओं, युवाओं तथा शिक्षा से जुड़े प्रयासों का भी उल्लेख किया।
करणावत में पुलिस थाने और आवास की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने करणावत के पुलिस सहायता केंद्र को पुलिस थाने में परिवर्तित करने की घोषणा की। इसके अलावा पुलिस कर्मचारियों के लिए सरकारी आवास उपलब्ध कराने तथा खाद भंडारण के लिए सरकारी गोदाम के निर्माण से संबंधित स्वीकृति की बात भी कही।
मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेश में पुलिस विभाग में 18 हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है, जबकि विभिन्न विभागों में कुल 85 हजार नए पदों पर भर्ती की प्रक्रिया भी जारी है।
35 हजार किलोमीटर से अधिक दूरी तय करेगी यात्रा
सेवा संकल्प बाइक यात्रा के तहत 20 टीमें लगभग 35,500 किलोमीटर की दूरी तय कर रही हैं। यात्रा के दौरान युवाओं की भागीदारी, जनसंवाद और सेवा गतिविधियों को प्रमुखता दी जा रही है।
देवास के पुंजापुरा में हुए कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।















Leave a Reply