इंदौर में चार्टर्ड बस डिपो में भीषण आग, 4 से 5 बसें जलकर खाक; दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

इंदौर में चार्टर्ड बस डिपो में आग, 5 बसें जलकर खाक; दो घंटे में पाया काबू
इंदौर। शहर में बुधवार तड़के एक बस डिपो में आग लगने से बड़ा नुकसान हो गया। कृषि महाविद्यालय के सामने स्थित चार्टर्ड बस डिपो में लगी आग की चपेट में आने से चार से पांच बसें पूरी तरह जल गईं। घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
कचरे में लगी आग बसों तक पहुंची
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, डिपो परिसर के पास जमा कचरे में आग लगी थी। तेज हवा के कारण लपटें तेजी से फैलने लगीं और पास में खड़ी बसों तक पहुंच गईं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और चार से पांच चार्टर्ड बसें इसकी चपेट में आ गईं।
बसों में मौजूद डीजल, फोम की सीटों और रेगजीन जैसी ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका जताई गई है।
डिपो में खड़ी अन्य बसों को सुरक्षित हटाया
घटना के समय डिपो में आई-बस सहित कई अन्य बसें भी खड़ी थीं। आग फैलने का खतरा देखते हुए कर्मचारियों ने दूसरी बसों को सुरक्षित दूरी पर हटवाया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे तक लगातार पानी की बौछार कर आग पर नियंत्रण पाया। समय रहते आग को दूसरी बसों तक फैलने से रोक लिया गया।
नुकसान का आकलन किया जा रहा
आग बुझने के बाद डिपो में जली हुई बसों और संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। शुरुआती जानकारी में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना सामने नहीं आई है।
फिलहाल कचरे में आग लगने को घटना की शुरुआती वजह माना जा रहा है। आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।




Leave a Reply