भोपाल गैस त्रासदी: 16 साल से लंबित अपीलों पर अब 30 दिन में फैसला करने की कोशिश, हाईकोर्ट का निर्देश

भोपाल गैस त्रासदी: लंबित अपीलों पर 30 दिन में फैसले का निर्देश
भोपाल गैस त्रासदी के पीड़ितों को न्याय मिलने में हो रही देरी पर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने गंभीरता जताई है। अदालत ने भोपाल की अपीलीय अदालत को 2010 के फैसले के खिलाफ लंबित आपराधिक अपीलों का निराकरण प्राथमिकता से करने और यथासंभव 30 दिनों के भीतर निर्णय देने का निर्देश दिया है। यह आदेश 18 नवंबर को न्यायमूर्ति हिमांशु जोशी की एकलपीठ ने पारित किया।
मामले में आरोपों की कथित खामियों को लेकर अलग से सुनवाई कराने की मांग वाली तीन याचिकाएं भी हाईकोर्ट ने खारिज कर दीं। अदालत ने स्पष्ट किया कि आरोप तय करने में तकनीकी गलती का होना अपने आप में राहत पाने का आधार नहीं है। यह भी दिखाना जरूरी है कि उस गलती के कारण वास्तव में न्याय प्रभावित हुआ।
2010 की सजा के खिलाफ अब तक लंबित हैं अपीलें
दिसंबर 1984 में भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड कारखाने से जहरीली मिथाइल आइसोसाइनेट (MIC) गैस का रिसाव हुआ था। इस हादसे में बड़ी संख्या में लोगों की जान गई और हजारों लोग प्रभावित हुए थे।
इस मामले में भोपाल की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत ने 7 जून 2010 को आठ भारतीय अधिकारियों को दोषी ठहराते हुए दो-दो साल की कैद और जुर्माने की सजा सुनाई थी। इस फैसले के खिलाफ आरोपियों ने अपील दायर की थी। वहीं, केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भी सजा बढ़ाने की मांग करते हुए अपील की थी। ये अपीलें लंबे समय से भोपाल की जिला अदालत में लंबित हैं।
आरोपियों ने दोबारा सुनवाई की मांग क्यों की?
मामले के तीन जीवित आरोपियों एसपी चौधरी, जे. मुकुंद और किशोर एस. कामदार की ओर से आरोप तय करने की प्रक्रिया में कथित खामियों का मुद्दा उठाया गया था। उनकी ओर से दलील दी गई कि मुकदमे के दौरान प्रत्येक आरोपी की भूमिका और उसके खिलाफ लगाए गए आरोप स्पष्ट रूप से अलग-अलग नहीं बताए गए।
आरोपियों का कहना था कि इससे उन्हें अपना बचाव करने में परेशानी हुई और उनके कानूनी अधिकार प्रभावित हुए। इसी आधार पर 25 अप्रैल 2022 को दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 464 के तहत आवेदन दिया गया था। याचिकाकर्ताओं ने मांग की थी कि अपील पर अंतिम सुनवाई से पहले इस आवेदन का अलग से फैसला किया जाए।
CBI और सरकार ने अलग सुनवाई का किया विरोध
याचिकाओं का CBI के साथ केंद्र और मध्य प्रदेश सरकार की ओर से विरोध किया गया। सरकारी पक्ष ने अदालत में कहा कि आरोपों में किसी त्रुटि का वास्तविक प्रभाव पड़ा या नहीं, इसका आकलन पूरे मुकदमे के रिकॉर्ड को देखने के बाद ही किया जा सकता है।
इसके लिए गवाहों के बयान, पेश किए गए साक्ष्य और आरोपियों के बयान सहित पूरी विचारण प्रक्रिया का परीक्षण जरूरी है। केवल आरोपों की भाषा या तकनीकी कमी के आधार पर यह निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता कि न्याय की विफलता हुई है।
अंतिम अपील में ही परखे जाएंगे सभी कानूनी सवाल
हाईकोर्ट ने माना कि धारा 464 के तहत आरोपों में त्रुटि का प्रश्न अपील की अंतिम सुनवाई के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों और पूरे रिकॉर्ड के आधार पर तय किया जा सकता है। इसके लिए अलग से प्रारंभिक सुनवाई कराना अनिवार्य नहीं है।
एकलपीठ ने तीनों याचिकाएं निरस्त करते हुए भोपाल की अपीलीय अदालत को निर्देश दिया कि लंबित आपराधिक अपीलों पर जल्द सुनवाई पूरी की जाए। अदालत ने अनावश्यक स्थगन से बचने और आदेश की प्रति प्राप्त होने के बाद यथासंभव 30 दिनों के भीतर अपीलों का निर्णय करने का प्रयास करने को कहा है।
इस निर्देश के बाद करीब 16 वर्षों से लंबित अपीलों के निपटारे की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है। हालांकि, हाईकोर्ट ने अपीलों के अंतिम नतीजे पर कोई फैसला नहीं दिया है। आरोपों में कथित खामियों और सजा से जुड़े सभी पहलुओं पर अपीलीय अदालत को रिकॉर्ड के आधार पर निर्णय करना होगा।




Leave a Reply