जबलपुर में ढाबे के बाहर आग ताप रहे लोगों को ट्रक ने कुचला, तीन की मौत; दो गंभीर घायल

जबलपुर में ढाबे के बाहर आग ताप रहे लोगों को ट्रक ने कुचला, 3 की मौत
जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में मक्का से लदा तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे बने ढाबे के पास खड़े वाहनों को टक्कर मारने के बाद वहां मौजूद लोगों पर चढ़ गया। हादसे के समय कुछ लोग ठंड से बचने के लिए अलाव ताप रहे थे।
यह दुर्घटना नेशनल हाईवे-45 पर खैरी बंधा क्षेत्र स्थित राज फैमिली ढाबे के पास रात करीब दो बजे हुई। बताया जा रहा है कि ट्रक शहपुरा की ओर से जबलपुर आ रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक ने पहले ढाबे के बाहर खड़ी बोलेरो, कार और पिकअप को टक्कर मारी। इसके बाद वहां मौजूद पांच लोग इसकी चपेट में आ गए। टक्कर के बाद ट्रक कुछ दूरी पर जाकर पलट गया।
हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत
दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान बलराम सिंह, मोनू भंडारी और धर्मेंद्र आदिवासी के रूप में हुई है। बलराम सिंह मुरैना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं, जबकि मोनू भंडारी रामपुर क्षेत्र के रहने वाले थे। दोनों शराब दुकान में काम करते थे। वहीं, धर्मेंद्र खैरी निवासी थे और ढाबे पर कर्मचारी के रूप में काम कर रहे थे।
हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रक की टक्कर से आसपास खड़े वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। अचानक हुई इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ढाबा संचालक समेत दो लोग घायल
इस हादसे में ढाबा संचालक राजा साहू और एक अन्य व्यक्ति सोनू घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। ढाबा संचालक की हालत गंभीर बताई गई है। घायलों का उपचार जारी है।
ट्रक जब्त, चालक गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही भेड़ाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत और बचाव कार्य के साथ दुर्घटना की जांच शुरू की। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है और चालक को गिरफ्तार किया गया है।
चालक के नशे में होने की आशंका भी जताई गई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच और मेडिकल परीक्षण के बाद ही हो सकेगी। पुलिस दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।




Leave a Reply