Skip to content
Thursday, 26 November 2026
ताज़ा खबर
नरसिंहपुर में आज आठ किसान संगठन करेंगे रेल रोको आंदोलन, 600 रुपये क्विंटल गन्ना भाव की मांग; हाईवे जाम की भी तैयारीभोपाल में 21 देशों के साहित्यकारों का जमावड़ा, 27 नवंबर से शुरू होगा विश्वरंग-2026; हिंदी और प्रवासी साहित्य पर होगी चर्चाशादी समारोह में हुई कहासुनी के बाद खूनी विवाद, भिंड में जीजा ने 20 वर्षीय साले की पत्थर से हमला कर ली जानसतना में युवक को चाकू मारकर अगवा करने का आरोप, 50 हजार की फिरौती मांगी; परिजनों ने पकड़ा पुलिस आरक्षकरायपुर में 1600 किलो पनीर जब्ती के बाद भोपाल की डेयरियों पर जांच, तीन यूनिटों से लिए नमूनेभागीरथपुरा कांड में निलंबित PHE इंजीनियर संजीव श्रीवास्तव बहाल, भोपाल में नई पदस्थापना; विभागीय जांच जारीनरसिंहपुर में आज आठ किसान संगठन करेंगे रेल रोको आंदोलन, 600 रुपये क्विंटल गन्ना भाव की मांग; हाईवे जाम की भी तैयारीभोपाल में 21 देशों के साहित्यकारों का जमावड़ा, 27 नवंबर से शुरू होगा विश्वरंग-2026; हिंदी और प्रवासी साहित्य पर होगी चर्चाशादी समारोह में हुई कहासुनी के बाद खूनी विवाद, भिंड में जीजा ने 20 वर्षीय साले की पत्थर से हमला कर ली जानसतना में युवक को चाकू मारकर अगवा करने का आरोप, 50 हजार की फिरौती मांगी; परिजनों ने पकड़ा पुलिस आरक्षकरायपुर में 1600 किलो पनीर जब्ती के बाद भोपाल की डेयरियों पर जांच, तीन यूनिटों से लिए नमूनेभागीरथपुरा कांड में निलंबित PHE इंजीनियर संजीव श्रीवास्तव बहाल, भोपाल में नई पदस्थापना; विभागीय जांच जारी
मौसम और AQI
जिले

भोपाल में 21 देशों के साहित्यकारों का जमावड़ा, 27 नवंबर से शुरू होगा विश्वरंग-2026; हिंदी और प्रवासी साहित्य पर होगी चर्चा

भोपाल में विश्वरंग-2026 का आयोजन 27 नवंबर से, 21 देशों के साहित्यकार होंगे शामिल

भोपाल। हिंदी भाषा और भारतीय संस्कृति को वैश्विक मंच देने के उद्देश्य से राजधानी भोपाल में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक आयोजन ‘विश्वरंग प्रवासी उत्सव-2026’ आयोजित होने जा रहा है। 27 से 29 नवंबर तक होने वाले इस आयोजन में 21 देशों के प्रवासी साहित्यकार, शिक्षाविद, भाषाविद, पत्रकार और संस्कृतिकर्मी शामिल होंगे। इस बार उत्सव की मुख्य थीम ‘प्रवासी उत्सव’ रखी गई है। तीन दिनों तक हिंदी की वैश्विक पहचान, विदेशों में नई पीढ़ी के बीच भारतीय भाषाओं का महत्व, साहित्य, अनुवाद और डिजिटल दौर में हिंदी की भूमिका जैसे विषयों पर संवाद होगा।

रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय परिसर से होगा शुभारंभ

विश्वरंग का आठवां संस्करण 27 नवंबर को रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय परिसर में शुरू होगा। आयोजन के अलग-अलग सत्र विश्वविद्यालय परिसर और रवीन्द्र भवन के हंसध्वनि सभागार में आयोजित किए जाएंगे।

विश्वरंग के निदेशक और रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. संतोष चौबे ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि इस बार प्रवासी भारतीयों को केंद्र में रखकर कार्यक्रम तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य विदेशों में रहने वाले भारतीयों की नई पीढ़ी को अपनी भाषा, साहित्य और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है।

हिंदी के वैश्विक प्रचार में योगदान देने वालों का होगा सम्मान

उद्घाटन समारोह में हिंदी और भारतीय भाषाओं के अंतरराष्ट्रीय प्रचार-प्रसार में योगदान देने वाले साहित्यकारों और भाषाविदों को ‘विश्वरंग भाषा सम्मान-2026’ प्रदान किए जाएंगे।

सम्मान समारोह के साथ अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम में ध्रुपद गुरुकुल के करीब 20 भारतीय और विदेशी कलाकार वैदिक ऋचाओं तथा हिंदी कविताओं का सामूहिक गायन करेंगे।

पहले दिन प्रवासी भारतीयों की नई पीढ़ी, भाषा और पहचान, हिंदी मीडिया, सांस्कृतिक कूटनीति और डिजिटल युग में हिंदी की भूमिका जैसे विषयों पर विशेषज्ञों के सत्र आयोजित होंगे।

विदेशों में हिंदी की पढ़ाई और अनुवाद पर होगी चर्चा

28 नवंबर को उत्सव के दूसरे दिन का केंद्र हिंदी शिक्षण और भारतीय भाषाओं के अनुवाद से जुड़े विषय रहेंगे। इसमें विदेशों में हिंदी की शिक्षा, देवनागरी लिपि का मानकीकरण, भारतीय भाषाओं के बीच अनुवाद, हिंदी का आर्थिक परिदृश्य और भारतीय ज्ञान परंपरा पर चर्चा होगी।

शाम को अंतरराष्ट्रीय कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, सिंगापुर और कतर सहित कई देशों के कवि अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे। भारतीय कवियों और विदेशों में बसे हिंदी रचनाकारों को एक मंच पर सुनने का अवसर मिलेगा।

प्रवासी साहित्यकारों और शायरों की किताबों का होगा विमोचन

आयोजन के दौरान 21 देशों के प्रवासी साहित्यकारों की पुस्तकें भी जारी की जाएंगी। इसके अलावा 10 वरिष्ठ शायरों की किताबों का विमोचन प्रस्तावित है। इनमें बासित भोपाली, शेरी भोपाल, कैफ भोपाली और असद भोपाली से जुड़ी पुस्तकें शामिल हैं।

इस पहल का उद्देश्य विदेशों में लिखे जा रहे हिंदी साहित्य को भारतीय पाठकों तक पहुंचाना और अलग-अलग देशों में विकसित हो रही साहित्यिक अभिव्यक्तियों को पहचान देना है।

29 नवंबर को 40 मांगणियार कलाकार देंगे खास प्रस्तुति

विश्वरंग के अंतिम दिन 29 नवंबर को रवीन्द्र भवन में ‘द मांगणियार सेडक्शन’ नाम से विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी। इसमें राजस्थान के करीब 40 मांगणियार कलाकार हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम का निर्देशन थिएटर निर्देशक रॉयस्टन एबेल कर रहे हैं।

मांगणियार समुदाय की पारंपरिक लोक और सूफी संगीत परंपरा इस प्रस्तुति का मुख्य आकर्षण रहेगी। अलग-अलग रोशन मंचीय संरचनाओं और सामूहिक संगीत के माध्यम से कलाकार दर्शकों के सामने राजस्थान की लोक संस्कृति का एक अनूठा रूप पेश करेंगे।

इसी दिन स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी परिसर में कक्षा 3 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए आठवीं टैगोर चिल्ड्रन पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।

भोपाल के लिए साहित्य और संस्कृति का अंतरराष्ट्रीय मंच

विश्वरंग की शुरुआत वर्ष 2019 में रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय की पहल पर हुई थी। इसका उद्देश्य साहित्य, संगीत, कला, सिनेमा और भारतीय संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रोत्साहित करना है।

इस बार प्रवासी उत्सव के माध्यम से भोपाल में केवल साहित्यिक चर्चाएं ही नहीं होंगी, बल्कि दुनिया के अलग-अलग देशों में हिंदी और भारतीय भाषाओं के विकास, उनके सामने मौजूद चुनौतियों और नई पीढ़ी से उनके जुड़ाव पर भी चर्चा होगी।

तीन दिवसीय आयोजन में साहित्यिक सत्रों, पुस्तक विमोचन, कवि सम्मेलन, संगीत और बच्चों की कला प्रतियोगिता के जरिए भोपाल को अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक संवाद का मंच बनाने की तैयारी है।

Vinayak kevre
लेखक के बारे मेंVinayak kevre

खबरों को सिर्फ लिखना नहीं, उन्हें समझना और उनकी सच्चाई को सामने लाना ही पत्रकारिता है। बदलते डिजिटल दौर में हर खबर के पीछे छिपे तथ्यों को तलाशना और उन्हें जिम्मेदारी के साथ पाठकों तक पहुंचाना ही असली मकसद है। निष्पक्षता, जिज्ञासा और सच्चाई पत्रकारिता की सबसे बड़ी ताकत हैं।

Vinayak kevre के सभी लेख →
MP Mirrorमध्य प्रदेश की हर खबर, सबसे पहले

ये भी पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *