मध्यप्रदेश में सहकारिता चुनाव एक साल और टले, उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा; बोले- किसानों से क्यों डर रही भाजपा?

MP सहकारिता चुनाव एक साल और टले, उमंग सिंघार ने सरकार पर उठाए सवाल
भोपाल। मध्यप्रदेश में सहकारी संस्थाओं के चुनाव फिर एक साल आगे बढ़ाए जाने पर सियासत तेज हो गई है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार के फैसले पर सवाल उठाते हुए इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने वाला कदम बताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी से चुनाव टालने का निर्णय वापस लेने की मांग की है।
सिंघार का आरोप है कि सरकार किसानों को सहकारी संस्थाओं के संचालन में भागीदारी देने से बच रही है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या राजस्थान में पंचायत और जिला परिषद चुनावों के नतीजों के बाद भाजपा मध्यप्रदेश में भी चुनाव कराने से पीछे हट रही है।
किसानों की भागीदारी और ग्रामीण नेतृत्व पर उठाए सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियां किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इन्हीं संस्थाओं के माध्यम से किसानों को खेती के लिए कर्ज, खाद और बीज जैसी सुविधाएं मिलती हैं। ऐसे में लंबे समय तक चुनाव नहीं होने से किसानों की निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी प्रभावित होती है।
उनका कहना है कि निर्वाचित प्रतिनिधियों की अनुपस्थिति में गांवों में नए नेतृत्व को आगे आने का अवसर नहीं मिल पा रहा है। सिंघार ने खाद और बिजली की समस्याओं से किसानों में नाराजगी तथा रोजगार के मुद्दे पर युवाओं के असंतोष का भी उल्लेख किया। उन्होंने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए चुनाव जल्द कराने की मांग की।
2013 के बाद से नहीं हुआ सहकारी समितियों में चुनाव
प्रदेश की सहकारिता व्यवस्था में चुनावों का इंतजार लंबे समय से चल रहा है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश की 4,500 से अधिक प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों और 38 जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों में आखिरी बार वर्ष 2013 में चुनाव हुए थे।
निर्वाचित संचालक मंडलों का कार्यकाल 2018 में समाप्त हो गया था। इसके बाद से इन संस्थाओं का संचालन प्रशासकों के माध्यम से किया जा रहा है। अब चुनाव प्रक्रिया एक साल और आगे बढ़ने से निर्वाचित प्रतिनिधियों की वापसी का इंतजार भी लंबा हो गया है।
सरकार ने पुनर्गठन और प्रशासनिक प्रक्रिया को बताया वजह
दूसरी ओर, राज्य सरकार का कहना है कि कई ग्राम पंचायतों में सहकारी समितियों के पुनर्गठन की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है। नई गठित समितियों ने कामकाज भी शुरू नहीं किया है। ऐसे में पहले चुनाव कराने पर कानूनी और प्रशासनिक अड़चनें आ सकती हैं।
कैबिनेट ने इसी आधार पर प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के चुनाव एक साल आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। इनके चुनाव से जुड़ी जिला सहकारी बैंकों और अन्य सहकारी संस्थाओं की चुनाव प्रक्रिया भी प्रभावित होगी।
नौ जिला सहकारी बैंकों को 325 करोड़ रुपये की मदद
इसी कैबिनेट बैठक में सरकार ने नौ जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए कुल 325 करोड़ रुपये की अंश पूंजी मंजूर की है।
इसमें रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर के जिला सहकारी बैंकों को 25-25 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। वहीं रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये की राशि मिलेगी।
मंडी और छात्रसंघ चुनाव भी लंबे समय से लंबित
उमंग सिंघार ने सहकारिता चुनावों के साथ प्रदेश की दूसरी संस्थाओं में चुनाव नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। उनके अनुसार, कृषि उपज मंडियों में आखिरी बार 2012 में चुनाव हुए थे, जबकि कॉलेजों में 2017 के बाद छात्रसंघ चुनाव नहीं कराए गए हैं। जल उपभोक्ता संस्थाओं के चुनाव भी लंबे समय से लंबित हैं।
सहकारी चुनावों को एक साल और टालने के फैसले के बाद अब प्रदेश में निर्वाचित प्रतिनिधित्व बनाम प्रशासक व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। कांग्रेस इसे लोकतांत्रिक भागीदारी से जुड़ा मुद्दा बता रही है, जबकि सरकार ने चुनाव टालने के पीछे संस्थाओं के पुनर्गठन और प्रक्रिया पूरी करने की दलील दी है।
MP Mirror की संपादकीय टीम मध्य प्रदेश के हर जिले की खबरें, राजनीति और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करती है। संपर्क: mpmirror01@gmail.com
Vinayak kevre के सभी लेख →



Leave a Reply