सीहोर में सूने मकान में चोरी करने वाले भोपाल के तीन आरोपी गिरफ्तार, 3.10 लाख के जेवर बरामद

सीहोर में चोरी के तीन आरोपी गिरफ्तार, 3.10 लाख के जेवर बरामद

सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में बंद मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले में मंडी थाना पुलिस ने भोपाल के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 3 लाख 10 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।

बंद मकान का ताला तोड़कर की थी चोरी

पुलिस के अनुसार, फरियादी नीरज गंधर्व ने 23 सितंबर को मंडी थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह 27 सितंबर की शाम अपने घर पर ताला लगाकर इंदौर में अपनी बहन के यहां कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। अगले दिन उन्हें सूचना मिली कि घर का ताला टूटा हुआ है और दरवाजा खुला पड़ा है।

घर पहुंचने पर उन्हें मुख्य दरवाजे और अलमारी के ताले टूटे मिले। सामान बिखरा हुआ था और अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। चोरी गए सामान में सोने की झुमकियां, अंगूठी, सोने की हाय, चांदी की पायल और चांदी का करोंदा शामिल थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की जांच के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक अर्चना सिंह चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साइबर सेल से मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की गई।

करीब 10 से 15 दिनों तक संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखने के बाद पुलिस टीम देवास पहुंची। वहां देवास ब्रिज के स्टॉपेज के पास मोटरसाइकिल से आए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद उनकी पहचान भारत अहिरवार (24), अभिषेक कुशवाह (26) और चिराग पाठक (21) के रूप में हुई। तीनों भोपाल के निवासी बताए गए हैं।

आष्टा, जावर और पार्वती में भी चोरी की जांच

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने सीहोर के मंडी थाना क्षेत्र के अलावा आष्टा, जावर और पार्वती सहित अन्य क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। इन मामलों में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी की अन्य घटनाओं में उनके साथ कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।

3.10 लाख का सामान जब्त, आरोपी न्यायिक हिरासत में

पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने की झुमकियां, अंगूठी, सोने की हाय, चांदी की पायल और चांदी का करोंदा बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।

तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला जेल सीहोर भेज दिया गया। पुलिस अब आरोपियों से जुड़े अन्य मामलों और संभावित चोरी की घटनाओं की जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *