नाबालिग का हाथ पकड़ना भी POCSO के तहत यौन हमला, MP हाईकोर्ट ने आरोपी की सजा बरकरार रखी

MP हाईकोर्ट: गलत मंशा से नाबालिग का हाथ पकड़ना भी यौन हमला
इंदौर। किसी नाबालिग लड़की का हाथ गलत यौन मंशा से पकड़ना और विरोध के बावजूद उसे नहीं छोड़ना भी यौन हमला माना जा सकता है। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने एक मामले में यह महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए आरोपी की दोषसिद्धि और तीन साल की सजा को बरकरार रखा है। अदालत ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में केवल शारीरिक संपर्क का स्वरूप नहीं, बल्कि उसके पीछे की मंशा और घटना की पूरी परिस्थितियां भी महत्वपूर्ण होती हैं।
न्यायमूर्ति आलोक अवस्थी की एकलपीठ ने आरोपी यूसुफ की आपराधिक अपील खारिज कर दी। आरोपी ने विशेष अदालत के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें उसे पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की धारा 7 और 8 के तहत दोषी ठहराया गया था।
घर में अकेली थी 12 साल की बच्ची
अभियोजन के अनुसार, घटना 23 सितंबर 2020 की है। आरोपी इंदौर के रावजी बाजार क्षेत्र स्थित एक मकान में मिस्त्री का काम कर रहा था। उस दिन बच्ची के माता-पिता और बड़ी बहन बाजार गए हुए थे। घर में अकेली बच्ची ऊपर की मंजिल पर थी।
इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और कथित तौर पर गलत यौन मंशा से उसका हाथ पकड़ लिया। बच्ची ने विरोध किया और हाथ छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उसे नहीं छोड़ा। इसके बाद बच्ची ने शोर मचाया और किसी तरह खुद को छुड़ाकर गैलरी में जाकर दरवाजा बंद कर लिया।
आरोप है कि आरोपी ने घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। बच्ची ने तत्काल अपनी मां को फोन कर घर लौटने के लिए कहा और बाद में माता-पिता को पूरी घटना बताई। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
अदालत ने मंशा और परिस्थितियों को माना अहम
आरोपी की ओर से अपील में तर्क दिया गया कि शिकायत में केवल हाथ पकड़ने का आरोप है और इसे यौन हमला मानना उचित नहीं है। बचाव पक्ष ने निचली अदालत के फैसले को चुनौती देते हुए साक्ष्यों के आकलन पर भी सवाल उठाए।
हाईकोर्ट ने मामले के तथ्यों और गवाहों के बयानों का परीक्षण किया। अदालत ने पाया कि घटना के समय बच्ची की उम्र 12 वर्ष थी और उसकी उम्र से संबंधित दस्तावेजों पर कोई प्रभावी विवाद नहीं था। पीड़िता ने घटना के महत्वपूर्ण पहलुओं पर लगातार एक जैसा बयान दिया था।
अदालत ने यह भी ध्यान में रखा कि आरोपी ने बच्ची का हाथ पकड़ने के साथ उसकी उम्र और रूप-रंग को लेकर निजी सवाल किए थे। विरोध के बावजूद हाथ नहीं छोड़ना और बाद में धमकी देना भी घटना की परिस्थितियों का हिस्सा था।
POCSO की धारा 7 के दायरे में माना गया कृत्य
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि पॉक्सो अधिनियम की धारा 7 में बिना किसी प्रकार के प्रवेश के भी यौन मंशा से किया गया शारीरिक संपर्क यौन हमला हो सकता है। इसलिए केवल यह कहना पर्याप्त नहीं है कि आरोपी ने बच्ची का हाथ ही पकड़ा था। यह देखना जरूरी है कि ऐसा किस उद्देश्य से और किन परिस्थितियों में किया गया।
अदालत के अनुसार, इस मामले में साबित परिस्थितियों के आधार पर आरोपी का कृत्य पॉक्सो अधिनियम की धारा 7 के अंतर्गत आता है। इसी आधार पर धारा 8 के तहत दी गई सजा में हस्तक्षेप का कोई कारण नहीं पाया गया।
तीन साल की सजा और 5 हजार रुपये का जुर्माना बरकरार
विशेष अदालत ने 30 जुलाई 2024 को आरोपी को पॉक्सो अधिनियम की धारा 7 और 8 के तहत दोषी ठहराते हुए तीन साल के कठोर कारावास और 5 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी।
हाईकोर्ट ने अपील में पेश दलीलों और उपलब्ध साक्ष्यों की समीक्षा के बाद निचली अदालत के फैसले को सही माना। अदालत ने दोषसिद्धि और सजा के आदेश में दखल देने से इनकार करते हुए अपील खारिज कर दी। आरोपी को शेष सजा भुगतने के लिए संबंधित अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश भी दिया गया है।




Leave a Reply