अनूपपुर में बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दोस्त गंभीर घायल

अनूपपुर में बोलेरो की टक्कर से युवक की मौत, दोस्त गंभीर घायल
अनूपपुर। जिले के राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। ग्राम लखौरा के पास हुए इस हादसे में बाइक चला रहे 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक की पहचान डिंडोरी जिले के सिंगोली निवासी मिथिलेश वनवासी (28) के रूप में हुई है। बाइक पर उसके साथ नरेंद्र सिंह परस्ते (25) भी सवार था। दोनों युवक रिश्तेदारी में ग्राम शिवरी चंदास आए हुए थे। यहां से वे परसेल कला में रहने वाले एक अन्य रिश्तेदार के घर गए थे।
लखौरा के पास आमने-सामने टकराईं गाड़ियां
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक वहां से लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम लखौरा के पास उनकी बाइक सामने से आ रही बोलेरो से टकरा गई। बोलेरो धीरू टोला की ओर से राजेंद्रग्राम की तरफ जा रही थी। वाहन का नंबर MP 18 T 3357 बताया गया है।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चला रहे मिथिलेश को गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, नरेंद्र सिंह परस्ते गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने बोलेरो जब्त की, जांच जारी
सूचना मिलने पर राजेंद्रग्राम थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह बरकड़े पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेंद्रग्राम पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने मिथिलेश को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बोलेरो को जब्त कर लिया है। मृतक के संबंध में मर्ग कायम कर आवश्यक कार्रवाई की गई है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और टक्कर के कारणों की जांच कर रही है।




Leave a Reply